WPL में हैट्रिक लेने वाली सिर्फ चार खिलाड़ी, लिस्ट में शामिल हैं दो भारतीय

WPL में हैट्रिक लेने वाली सिर्फ चार खिलाड़ी, लिस्ट में शामिल हैं दो भारतीय

रांची: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग (WPL) में दिल्ली कैपिटल्स की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने WPL 2026 के चौथे मुकाबले में गुजरात जायंट्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर टूर्नामेंट के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली चौथी खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया। इसके साथ ही नंदिनी दिल्ली कैपिटल्स की ओर से हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज भी बन गईं।

इससे पहले WPL में हैट्रिक लेने वाली खिलाड़ियों में मुंबई इंडियंस की इसी वोंग, यूपी वॉरियर्ज की ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा शामिल थीं। इंग्लैंड की इसी वोंग ने यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेस हैरिस ने दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध और भारतीय स्पिनर दीप्ति शर्मा ने भी दिल्ली के खिलाफ यह कारनामा किया था।

WPL में अब तक की हैट्रिक

  • इसी वोंग (मुंबई बनाम यूपी), नवी मुंबई – 2023
  • दीप्ति शर्मा (यूपी बनाम दिल्ली), दिल्ली – 2024
  • ग्रेस हैरिस (यूपी बनाम दिल्ली), बेंगलुरु – 2025
  • नंदिनी शर्मा (दिल्ली बनाम गुजरात), नवी मुंबई – 2026

पांच विकेट लेने वाली दूसरी भारतीय गेंदबाज बनीं नंदिनी

चंडीगढ़ की 24 वर्षीय नंदिनी शर्मा ने नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके साथ ही वह WPL में एक पारी में पांच विकेट लेने वाली दूसरी भारतीय गेंदबाज बन गईं। इससे पहले यह उपलब्धि आरसीबी की आशा शोभना ने 2024 में यूपी के खिलाफ हासिल की थी।

20 लाख में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ीं नंदिनी

नंदिनी शर्मा चंडीगढ़ की उभरती हुई भारतीय महिला क्रिकेटर हैं, जो अपनी तेज गेंदबाजी और घरेलू टी20 क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। WPL 2026 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।

हैट्रिक पर नंदिनी की प्रतिक्रिया

हैट्रिक पूरी करने के बाद नंदिनी ने कहा, “मैं सिर्फ अपने टारगेट पर गेंदबाजी करने पर ध्यान दे रही थी। मेरा प्लान स्टंप टू स्टंप गेंद डालने का था। शेफाली और जेमिमा हर गेंद पर मुझे लगातार प्रोत्साहित कर रही थीं। मुझे हैट्रिक की उम्मीद नहीं थी, लेकिन टीम का भरोसा बना रहा कि विकेट जरूर मिलेंगे।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *