कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर कर ग्रामीण जनता से रोजगार की गारंटी छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि वह 21 दिसंबर से इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस का कहना है कि केंद्र की नीतियों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तेजी से घट रहे हैं, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीण मजदूरों को मिलने वाली 100 दिन की रोजगार गारंटी को नए विधेयक के जरिए समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले यह तय करने का अधिकार ग्रामीणों के पास था कि किस गांव में काम होगा, लेकिन अब यह फैसला पूरी तरह केंद्र सरकार के हाथ में चला गया है।
के. राजू ने आरोप लगाया कि मनरेगा में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी भी घटा दी गई है। जहां पहले 90 प्रतिशत फंड केंद्र द्वारा दिया जाता था, अब केवल 60 प्रतिशत राशि वह भी चुनिंदा इलाकों को ही दी जाएगी। इससे गरीब और पिछड़े राज्यों में मनरेगा के तहत मिलने वाला रोजगार स्वतः खत्म हो जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महात्मा गांधी के विचारों पर आधारित इस योजना से गांधी जी का नाम हटाने की कोशिश की जा रही है। मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ थी, जिसे योजनाबद्ध तरीके से कमजोर किया जा रहा है। कोविड काल के दौरान इस योजना ने लाखों लोगों को रोजगार देकर जीवन रक्षक की भूमिका निभाई थी, लेकिन अब इसे समाप्त कर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह 21 दिसंबर से जिला स्तर पर आंदोलन कर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करेगी।
कांग्रेस स्थापना दिवस की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर पंचायत, बूथ और प्रखंड स्तर पर पार्टी कार्यालयों में झंडोत्तोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान झारखंड में अंतिम चरण में है और हर ग्राम पंचायत में 12 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा। पंचायत और प्रखंड स्तर पर हर महीने नियमित बैठकें आयोजित होंगी।
बीएलए की नियुक्ति के बाद उनके प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 1100 म्युनिसिपल वार्ड का गठन भी अंतिम दौर में है और 17 जनवरी के बाद सभी प्रखंडों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संवाददाता सम्मेलन में सह प्रभारी सीरीबेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी, सुबोध कांत सहाय, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुजनी, सोनाल शांति, रमा खलको समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
