रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ माने जाने वाले 108 एंबुलेंस कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा दिए गए आश्वासन के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने 6 अक्टूबर से राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का ऐलान कर दिया है।
रविवार को रांची स्थित सदर अस्पताल परिसर में झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आगे की रणनीति और आंदोलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।
आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं का 15 से 20 दिनों के भीतर समाधान करने का भरोसा दिया गया था। इस सकारात्मक आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया था।
हालांकि, तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और सरकार या संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार मिल रहे आश्वासनों से उनका धैर्य अब जवाब दे चुका है, जिसके कारण वे फिर से सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

rk27qq