बेंगलुरु: किराए के फ्लैट में मिली धनबाद की युवती की सड़ी-गली लाश, मचा हड़कंप

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ एक किराए के फ्लैट में झारखंड के धनबाद की रहने वाली 34 वर्षीय एक युवती का शव सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ है। मृतका की पहचान पूजा दत्ता के रूप में हुई है, जो यहाँ एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं।

पड़ोसियों की सूचना पर खुला मामला

घटना अदुगोडी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को जब पड़ोसियों ने फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी, तो पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ने पर जो दृश्य सामने आया, वह दिल दहला देने वाला था। पूजा दत्ता का शव नग्न और खून से लथपथ अवस्था में मिला। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि युवती की मौत करीब दो से तीन दिन पहले ही हो चुकी थी।

हत्या या आत्महत्या? उलझी पहेली

घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन कमरे में फटे हुए कागज बिखरे पड़े थे, जिससे पुलिस फिलहाल यह कयास लगा रही है कि शायद उसने अंदर से दरवाजा बंद कर आत्महत्या की हो। हालांकि, शव की स्थिति और अन्य परिस्थितियां इसे संदिग्ध बनाती हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह एक सुनियोजित हत्या है या आत्महत्या।

तीन साल से रह रही थी युवती

मकान मालकिन के अनुसार, पूजा दत्ता पिछले तीन वर्षों से इस फ्लैट में रह रही थीं। उन्हें आखिरी बार 23 अप्रैल को घर से बाहर किराने का सामान लेने जाते हुए देखा गया था। अदुगोडी पुलिस ने फिलहाल ‘अप्राकृतिक मृत्यु’ (Unnatural Death) का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *