धनबाद: कोयलांचल धनबाद में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए शराब के नशे में धुत दबंगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। गुरुवार रात सीएमआरआई (CMRI) गेट के पास ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ चेकिंग के दौरान टाटा पंच कार के चालक और उसके साथियों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए।
चेकिंग से भागने की कोशिश, फिर शुरू की गुंडागर्दी
ट्रैफिक पुलिस की टीम रात को एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच सिटी सेंटर की ओर से आ रही कार (JH10DH6065) को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को घेर कर रोक लिया। जब ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, तो चालक विपुल कुमार सिंह के शरीर में अल्कोहल की भारी मात्रा पाई गई।
‘वर्दी उतरवा देने’ की धमकी और हिंसक हमला
कार्रवाई शुरू होते ही चालक विपुल ने आपा खो दिया और पुलिसकर्मियों को गाली देते हुए उनकी वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा। इसी दौरान उसके दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने मिलकर परिचारी प्रवर राकेश कुमार दुबे और उनकी टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे जवान घायल हो गए और उनकी वर्दी फट गई।
थाने में भी दुस्साहस: फाड़ दी जब्ती सूची
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने थाने पहुंचने के बाद भी उत्पात मचाना बंद नहीं किया। वहां उन्होंने पुलिस द्वारा तैयार की गई सरकारी ‘जब्ती सूची’ (Seizure List) फाड़ दी और जबरन अपना वाहन छुड़ाने की कोशिश की।
