गया: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राजद नेता तेज प्रताप यादव ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और वीआईपी कल्चर को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला है। गया में एक निजी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद अपना काफिला छोटा करने की बात कर रहे हैं, तो बिहार के मुख्यमंत्री को भी इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।
इलेक्ट्रिक वाहनों और सीमित काफिले पर जोर प्रधानमंत्री के हालिया बयानों का हवाला देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल समय की मांग है और इसमें कोई बुराई नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर प्रधानमंत्री खुद दो गाड़ियों के काफिले में चल रहे हैं, तो बिहार के मुख्यमंत्री को भी अपने बड़े काफिले को सीमित करना चाहिए। उन्हें भी अब सिर्फ दो वाहनों के साथ चलना चाहिए।”
आम जनता पर बढ़ता बोझ तेज प्रताप ने केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को भी अपना काफिला कम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर और आर्थिक बोझ आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। ऐसे में नेताओं को फिजूलखर्ची कम कर एक उदाहरण पेश करना चाहिए।
बंगाल चुनाव और कीमतों पर तंज जब उनसे पूछा गया कि क्या पेट्रोल-डीजल के दाम पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों या स्थितियों के कारण बढ़ रहे हैं, तो उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इसका जवाब तो सरकार ही बेहतर दे सकती है। लेकिन उन्होंने यह साफ किया कि वीआईपी कल्चर में कटौती से जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश जाएगा।
