रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) रांची महानगर की ओर से रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर पर एक भव्य ‘प्रगति पथ यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस गौरव यात्रा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ रांची के विधायक सीपी सिंह, भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विकास और सुशासन के 12 साल: नित्यानंद राय
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
“केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। देश अब ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस ‘प्रगति पथ यात्रा’ का मुख्य उद्देश्य सरकार की इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना है।” — नित्यानंद राय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री
रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर केंद्र की दूरदर्शिता का प्रतीक
कार्यक्रम के दौरान रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी बड़ी परियोजनाएं इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि केंद्र सरकार विकास को लेकर कितनी गंभीर है। वहीं, जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि मोदी सरकार की सेवा और सुशासन की नीतियों ने आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। भाजपा कार्यकर्ता अब घर-घर जाकर इन योजनाओं की जानकारी लोगों से साझा करेंगे।
स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और पद्मश्री बलबीर दत्त का सम्मान
‘प्रगति पथ यात्रा’ से पहले केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बरियातू के तेतर टोली तालाब में आयोजित स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने जनता से स्वच्छता को एक जन आंदोलन बनाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधे लगाने की अपील की। इसके बाद, केंद्रीय मंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री बलबीर दत्त के आवास पर जाकर उन्हें सम्मानित भी किया।
