रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे वर्कशॉप परिसर को अपनी आगोश में ले लिया। इस हादसे में वर्कशॉप और शेड के नीचे सर्विसिंग के लिए खड़ी कई गाड़ियां जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
धुएं का गुबार देख मची अफरा-तफरी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम को सर्विस सेंटर परिसर से अचानक घना और काला धुआं उठने लगा। जब तक वहां मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। दूर-दूर से आसमान में उठते धुएं के गुबार को देखकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू घटना की जानकारी तुरंत फायर ब्रिगेड और सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। समय रहते उठाए गए कदमों से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका हादसे के वास्तविक कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती अनुमान के तौर पर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक टीम नुकसान का आकलन करने और घटना के तकनीकी कारणों की जांच में जुटी है।
