भीलवाड़ा: देश में 21 जून को होने वाली नीट (NEET UG) की दोबारा परीक्षा से ठीक पहले राजस्थान की भीलवाड़ा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर नीट री-एग्जाम का फर्जी प्रश्न पत्र (Fake Question Paper) वायरल करने और उसे बेचने के आरोप में एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो चूरू जिले के रावतसर कुजला गांव का रहने वाला है।
आई-मेक पोर्टल से मिली गुप्त सूचना पर रेड
प्रताप नगर थाना प्रभारी (SHO) सुनील टाडा ने बताया कि भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के निर्देश पर परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त कराने के लिए पुलिस लगातार अलर्ट पर है। इसी बीच एसपी कार्यालय की जिला विशेष शाखा (DSB) को ‘आई-मेक पोर्टल’ के माध्यम से एक गोपनीय सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गुमराह कर फर्जी नीट प्रश्न पत्र बेच रहे हैं।
रातभर चली पूछताछ, सुबह हुई गिरफ्तारी
गुप्त सूचना के आधार पर प्रताप नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात पटेल नगर स्थित एक मकान पर औचक छापेमारी की। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो आरोपी आकाश सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन फर्जी प्रश्न पत्र भेज रहा था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और रातभर चली शुरुआती पूछताछ के बाद शुक्रवार सुबह उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
बड़े रैकेट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सुनील टाडा के मुताबिक, पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-से लोग शामिल हैं और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं।
अफवाहों पर ध्यान न दें छात्र: NTA की अपील
इस बीच, परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों से सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और परीक्षा टलने के दावों पर ध्यान न देने की अपील की है। एनटीए ने कहा है कि छात्र केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा के लिए राज्य सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
