रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की शानदार जीत के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। आजसू (AJSU) पार्टी के प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने इस जीत को विपक्षी गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका बताते हुए ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार ने विपक्षी खेमे के अंतर्विरोधों और अवसरवाद को उजागर कर दिया है।
‘कांग्रेस में स्वाभिमान बचा है तो सत्ता छोड़े’
परिमल नाथवानी को बधाई देते हुए सुदेश महतो ने विपक्षी गठबंधन की रणनीति और एकजुटता पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “इस चुनाव परिणाम से मौकापरस्त इंडिया गठबंधन की पोल पूरी तरह खुल चुकी है। अगर कांग्रेस पार्टी में थोड़ा सा भी स्वाभिमान बचा है, तो उन्हें तुरंत हेमंत सोरेन सरकार से बाहर निकलकर दिखाना चाहिए।”
संसद में मजबूत होगी झारखंड की आवाज: आजसू प्रमुख
सुदेश महतो ने नवनिर्वाचित सांसद परिमल नाथवानी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके व्यापक अनुभव, दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति समर्पण का लाभ पूरे राज्य को मिलेगा। नाथवानी के आने से देश की संसद में झारखंड की आवाज और अधिक प्रभावशाली ढंग से गूंजेगी। महतो ने भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य के विकास, औद्योगिक प्रगति, रोजगार सृजन और जनकल्याण के मुद्दों को एक नई मजबूती मिलेगी।
इस चुनाव परिणाम के बाद अब राज्य में गठबंधन की अंदरूनी रार और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
