जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चाकुलिया–मटिहाना मुख्य सड़क पर दिवी गांव के पास दो ट्रेलरों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही समय में आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ट्रेलर बहरागोड़ा से चाकुलिया की तरफ जा रहा था, जबकि दूसरा विपरीत दिशा से आ रहा था। टक्कर होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए दोनों ट्रेलरों के ड्राइवरों को वक्त रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
यातायात रहा प्रभावित: घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलरों में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और आग बुझाने की प्रक्रिया के चलते सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। फिलहाल, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
