हजारीबाग: चौपारण थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित ग्रामीण बैंक के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उस व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
नींबू बेचकर चलाता था परिवार
मृतक की पहचान चौपारण पंचायत के बजरंग टोला निवासी रितलाल साह के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रितलाल बाजार में नींबू बेचने का काम करते थे और उसी से अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाग रहे ट्रक ड्राइवर को ग्रामीणों ने दबोचा
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ने वाहन समेत मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद गुस्साए ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई।
सड़क जाम से इलाके में तनाव
इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर जीटी रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने के प्रयास में जुटी है।
