झारखंड में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पलामू जिले के जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत कार्रवाई करते हुए रांची-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब जब्त की है। जवानों ने ट्रेन से कुल 148 लीटर झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद की है।
नियमित जांच के दौरान मिले 5 लावारिस बोरे
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम रूटीन चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान स्टेशन पर रुकी गरीब रथ एक्सप्रेस के कोच संख्या G-6 के पास जवानों की नजर पांच लावारिस प्लास्टिक के बोरों पर पड़ी। संदेह होने पर आरपीएफ ने आसपास के यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उन बोरों पर अपना दावा नहीं किया।
645 बोतलों में बंद थी शराब, उत्पाद विभाग को सौंपी खेप
यात्रियों द्वारा इनकार किए जाने के बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में जब बोरों को खोलकर तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। बोरों के भीतर से ‘कैप्टन’, ‘तनाका’ और ‘रॉयल झारखंड’ ब्रांड की कुल 645 बोतलें (लगभग 148 लीटर) बरामद की गईं। जब्त की गई इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 29 हजार रुपये आंकी जा रही है।
आरपीएफ के अधिकारियों ने मौके पर ही कागजी कार्रवाई पूरी कर शराब को अपने कब्जे में ले लिया। रेलवे पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए जब्त की गई शराब की इस खेप को उत्पाद विभाग (डाल्टनगंज) को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ खपाने की योजना थी।
