चतरा: झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहाँ अति-सुरक्षित क्षेत्र माने जाने वाले पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े एक निजी अंगरक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जिला बल के आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चतरा बाइपास निर्माण कार्य से जुड़ी ‘रमिया कंस्ट्रक्शन कंपनी’ के मालिक रॉकी यादव किसी काम से एसपी अनिमेष नैथानी से मिलने पहुँचे थे। इसी दौरान एसपी आवास के बाहर उनके निजी सुरक्षाकर्मी और वहाँ तैनात जिला बल के जवान के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि आक्रोशित जवान ने अपनी सर्विस राइफल से निजी सुरक्षाकर्मी पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। एसपी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस, सिमरिया एसडीपीओ और टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे और मामले का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया है और मौके से संबंधित वाहन की तलाशी के दौरान हथियार बरामद किया है।
घटनास्थल की घेराबंदी कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी घटना के वास्तविक कारणों की जाँच में जुटे हैं और मृतक की आधिकारिक पहचान सुनिश्चित की जा रही है। एसपी आवास जैसी हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में हुई इस वारदात ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
