रांची: राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ऑटो चालकों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने से विवाद गहरा गया है। पिछले तीन दशकों से यात्रियों को सेवा दे रहे लगभग 40 से 50 ऑटो चालकों को पार्किंग परिसर में जाने से रोके जाने पर चालकों और ऑटो मालिकों ने कड़ा विरोध जताया है। मामले को लेकर मंगलवार को एयरपोर्ट मैदान में एक अहम बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की।
बैठक के दौरान चालकों ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट के सुरक्षा गार्ड उन्हें पार्किंग में प्रवेश करने से रोक रहे हैं, जबकि गैर-व्यावसायिक (व्हाइट नंबर प्लेट) निजी वाहन बिना किसी रोक-टोक के अवैध रूप से सवारी ढो रहे हैं। चालकों का कहना है कि इतने वर्षों में उनकी वजह से कभी किसी यात्री को परेशानी नहीं हुई, लेकिन अब इस अचानक रोक से उनके परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई पर संकट मंडराने लगा है।
महासंघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष भोला सिंह ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। बुधवार, 29 जुलाई को सुबह 10 बजे संघ का एक प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरपोर्ट डायरेक्टर से मुलाकात कर लिखित ज्ञापन सौंपेगा।
इस बैठक में संघ के सलाहकार मंत्री अमर मुंडा, महेश सिंह, लोकमनी कुमार, संजीव कुमार, पुलस कुमार, शंकर राय, नेवल यादव, अजय कुमार, विजय कुमार यादव, किशोर कुमार, धनी लाल यादव, मनोज नापल, सुरेश राय, राचो राय, संजय कुमार, मंजे, पप्पू, गुड्डू कुमार, अवधेश राय, इंद्रजीत राय और राहुल समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
