रांची: जमीन विवाद में सरेआम हुई फायरिंग के मामले में फरार चल रहे आरोपी और कांग्रेस नेता महताब आलम उर्फ ‘हड्डी’ को रांची पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस की एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी करते हुए उसे पश्चिम बंगाल के मंदारमनी (कोलकाता के पास) से गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से ही अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को जमीन विवाद में हुई गोलीबारी की घटना के बाद से ही कांके के सुकुरहुटू निवासी और जमीन कारोबारी महताब आलम फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह मंदारमनी इलाके में छिपा हुआ है, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से जमीन के कारोबार से जुड़े महताब आलम से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी से जमीन से जुड़े कई अन्य विवादों और आपराधिक मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फरारी के दौरान किन लोगों ने उसे शरण दी और उसकी मदद की। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
