रांची: 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, CM हेमंत सोरेन से समस्या के समाधान की मांग, 7 घंटे बाद सुरक्षित उतरा

रांची: राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लातेहार जिले का रहने वाला 25 वर्षीय युवक हीरालाल अचानक 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मौके पर बुलाने और अपनी समस्या का समाधान करने की मांग पर अड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।

करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि युवक शनिवार रात करीब 12:30 बजे टावर पर चढ़ा था और उसे रविवार सुबह लगभग 7:30 बजे समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया।

मुख्यमंत्री से की सीधी मांग

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के एक कथित वीडियो में टावर पर चढ़े युवक को कहते सुना जा सकता है, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खुद आकर मेरी समस्या का समाधान करना चाहिए। मैंने, मेरे परिवार और गांव वालों ने उन्हें वोट दिया है। जब तक मुख्यमंत्री नहीं आएंगे, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।”

भर्ती परीक्षा विवाद से जुड़ रहा मामला

बता दें कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC, JSSC और अन्य राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली व अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राज्यभर के सैकड़ों छात्र पिछले 4-5 दिनों से धरने पर बैठे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों के विरोध में टावर पर चढ़ा था। उसका आरोप था कि इन्हीं अनियमितताओं के कारण उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिल सकी।

पारिवारिक विवाद या भर्ती का मामला? जांच में जुटी पुलिस

दूसरी ओर, पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि युवक अपनी पत्नी के मायके चले जाने से काफी परेशान था। हालांकि, युवक के टावर पर चढ़ने के सटीक और वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने युवक को उसकी जायज मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *