रांची: राजधानी में सरकारी जमीनों से अवैध कब्जा हटाने के लिए रांची नगर निगम ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में निगम ने हरमू रोड स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर के पीछे और श्री राम जानकी मंदिर के आसपास फैली करीब 1.34 एकड़ सरकारी जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के पहले चरण के तहत नगर निगम की टीम ने इस जमीन पर अवैध रूप से संचालित हो रहे करीब 15 दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिहायशी मकानों पर बेदखली का नोटिस चस्पा कर दिया है। निगम ने कब्जाधारियों को 3 दिनों के भीतर स्वयं अपनी दुकानें और आवास खाली करने की सख्त हिदायत दी है।
समय-सीमा खत्म होते ही चलेगा बुलडोजर
नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि दी गई 3 दिनों की मोहलत खत्म होते ही कानून के मुताबिक सख्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
निगम अधिकारियों के अनुसार, इस 1.34 एकड़ भूमि का पूर्व में आवंटन किया गया था, लेकिन आवंटन की समयावधि काफी पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद कई लोगों ने इस पर अवैध रूप से कब्जा जमा रखा था।
जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए इस्तेमाल होगी जमीन
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण मुक्त कराई जाने वाली इस जमीन का उपयोग शहर के विकास और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाना प्रस्तावित है। निगम प्रशासन ने कब्जाधारियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे समय पर स्वेच्छा से जगह खाली कर दें और प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करें।
