रांची/नामकुम:
राजधानी रांची के नामकुम चौक पर शुक्रवार को कांग्रेस एक विशाल ‘मिलन समारोह’ का आयोजन करने जा रही है, जिसे पार्टी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। खिजरी विधायक और कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के कई प्रमुख नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी का दामन थामेंगे।
प्रदेश के दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस के शीर्ष और प्रांतीय नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी। समारोह में मुख्य रूप से पार्टी की सह-प्रभारी बेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और राज्य सरकार की मंत्री दीपिका सिंह पांडेय व इरफान अंसारी शिरकत करेंगे। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व राज्यसभा प्रत्याशी प्रणव झा, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रामा खलखो, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और सुरेश कुमार बैठा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
समारोह को सफल बनाने के लिए विधायक राजेश कच्छप ने खुद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में रांची जिला ग्रामीण अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, रमेश पांडेय, प्रखंड अध्यक्ष विजय मुंडा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनु बेक समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता मौजूद थे। नेताओं का दावा है कि इस मिलन समारोह से खिजरी विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे रांची जिले में कांग्रेस संगठन को एक नई मजबूती मिलेगी।
