रांची/भवनाथपुर: झारखंड के गढ़वा जिले की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के कद्दावर युवा नेता दीपक प्रताप देव ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपना नेता बताने वाले दीपक देव ने अब खुद का राजनीतिक मंच तैयार करने और नई पार्टी के गठन का बड़ा ऐलान किया है।
‘एक बूथ 50 यूथ’ के साथ 2029 चुनाव का रोडमैप
झामुमो को अलविदा कहने के बाद दीपक देव ने 2029 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी भावी रणनीतियों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच पहले काम करेंगे और फिर वोट मांगने जाएंगे:
- बूथ स्तर पर संगठन: आगामी चुनाव से पहले हर बूथ पर ‘एक बूथ 50 यूथ’ का मजबूत कैडर खड़ा किया जाएगा।
- निजी खर्च से जनसेवा: वे क्षेत्र के प्रत्येक गांव में अपने निजी खर्च से कम से कम एक सड़क का निर्माण और एक चापाकल लगवाने का काम करेंगे।
भवनाथपुर की सियासत में हलचल
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले दीपक देव ने अपने बड़े भाई और विधायक अनंत प्रताप देव (छोटे राजा) के खिलाफ खुलकर बगावत की थी। तब उन्होंने जेएमएम में रहकर संगठन मजबूत करने की बात कही थी, लेकिन अचानक हुए इस इस्तीफे ने भवनाथपुर क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को गरमा दिया है। समय से काफी पहले शुरू हुई उनकी इस सक्रियता को क्षेत्र के सियासी गलियारे में बेहद अहम माना जा रहा है।
