रांची: झारखंड में विवादित परीक्षाओं के रद्द होने और एजेंसी को बर्खास्त किए जाने के बाद जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त आंदोलन के प्रमुख नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने अपनी 17 दिनों से जारी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। उन्होंने इसे छात्र आंदोलन की एक ऐतिहासिक जीत करार दिया है। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे और डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया।
अनशन समाप्त करने के बाद देवेन्द्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि विवादित परीक्षाओं का रद्द होना केवल पहले चरण की सफलता है। अब आंदोलन का अगला चरण राज्य में एक पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त परीक्षा व्यवस्था की स्थापना के लिए शुरू होगा। उन्होंने कहा कि जब तक अभ्यर्थियों को साफ-सुथरी और निष्पक्ष भर्ती प्रणाली नहीं मिल जाती, तब तक युवाओं का यह संघर्ष जारी रहेगा।
