कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित प्रेसिडेंसी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 13 अगस्त को चलाए गए एक विशेष तलाशी अभियान के दौरान जेल के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले ‘हाई-सिक्योरिटी ज़ोन’ से कई प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, यह बरामदगी कुख्यात आतंकी आफताब अंसारी की सेल से हुई है।
जेल विभाग के सूत्रों के मुताबिक, जब्त किए गए सामान में दो स्मार्टफोन, एक iPhone, एक वाई-फाई राउटर, पेन ड्राइव, OTG केबल, एडाप्टर, कार्ड रीडर और कुछ नकदी शामिल है। कड़ी निगरानी वाले क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी और मोबाइल फोन की मौजूदगी से हड़कंप मच गया है।
अधिकारी अब इस बात की जांच में जुट गए हैं कि ये उपकरण जेल के अंदर कैसे पहुंचे और क्या इसमें जेल के किसी कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति की मिलीभगत थी। सभी उपकरणों को जब्त कर मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
