गिरिडीह: भगवान श्री राम के पुत्र लव और कुश की जयंती के पावन अवसर पर रविवार को गिरिडीह में कुशवाहा समाज की ओर से एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में समाज के हजारों लोगों ने शिरकत की, जिससे पूरा शहर उत्साह और भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
शोभायात्रा की शुरुआत शहर के झंडा मैदान से हुई, जो विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए रीतलाल प्रसाद वर्मा चौक पहुंची। वहां उपस्थित लोगों ने पूर्व सांसद रीतलाल प्रसाद वर्मा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात यात्रा पुनः कुशवाहा धर्मशाला पहुंचकर एक सभा में परिवर्तित हो गई।
सामाजिक एकता और महिला सम्मान का संदेश शोभायात्रा के दौरान ‘नारी को सम्मान दो’ और ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाए गए। वक्ताओं ने भगवान लव और कुश के आदर्शों को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए युवाओं से उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
इस भव्य आयोजन में जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, इंद्र नारायण वर्मा, दिगम्बर दिवाकर, मुन्ना कुशवाहा, भाजपा नेता विनय सिंह, कोलेश्वर वर्मा और मनोज वर्मा सहित समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
