गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के बेलचंपा इलाके से चोरी हुआ महिंद्रा ट्रैक्टर बिहार के सासाराम स्थित प्रसिद्ध ताराचंडी मंदिर की पार्किंग से बरामद कर लिया गया है। गढ़वा पुलिस ने बिहार की रोहतास और दरिगांव थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया और तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह वारदात 2 सितंबर की रात को हुई थी, जब सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर अचानक गायब हो गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने सासाराम में छापेमारी कर ट्रैक्टर को सकुशल बरामद करने के साथ ही रोहतास निवासी रोहित कुमार और गढ़वा के मेराल (अटौला) निवासी सचिन चौधरी व महेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 3 बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरोह का एक अन्य सदस्य फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
