रांची: राजधानी रांची के सेक्टर-2 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा एक भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं व नेताओं ने राजद की नीतियों में अपना विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थाम लिया। सभी नए सदस्यों ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की विचारधारा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने नए सदस्यों का स्वागत राजद का झंडा और पट्टा पहनाकर औपचारिक रूप से किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैलाश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, जुमलेबाजी और अहंकारी रवैये से देश की जनता बुरी तरह परेशान हो चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं, लेकिन इसके बावजूद देश की आर्थिक स्थिति बदहाल है और उद्योग-धंधे ठप पड़े हैं।
इन्होंने ली सदस्यता: राजद में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में भाजपा के मंटू यादव, दीपक राय, सुनील पांडेय, नीतू तिवारी, चिंता पाण्डेय और आजसू धुर्वा मंडल अध्यक्ष गोपाल गुप्ता व नितिन सिंह समेत सैकड़ों अन्य समर्थक शामिल हैं।
