कोडरमा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के खास मौके पर झारखंड के कोडरमा में एक भव्य और अनोखी कलाकृति आकार ले रही है। शहर के चाराडीह स्थित आरपीवाई ग्लोबल स्कूल परिसर में करीब 6,000 वर्ग फीट के विशाल क्षेत्र में 1.5 लाख दीयों का उपयोग करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक विशाल पोर्ट्रेट तैयार किया जा रहा है।
इस आकर्षक मोजेक आर्ट को गिरिडीह के प्रसिद्ध आर्टिस्ट सुमित गुंजन द्वारा विशेष पैटर्न में दीयों को सजाकर तैयार किया जा रहा है। यह अनूठी कलाकृति अपने विशाल आकार और भव्यता के कारण पूरे क्षेत्र में कौतूहल और आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है।
कोडरमा की सांसद और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की पहल पर इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्कूल परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर गुरुवार शाम 5 बजे एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें इस विशाल मोजेक आर्ट का अनावरण कर इसे आम लोगों के दर्शन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।
