रांची: राजधानी में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के सख्त निर्देश के बाद परिवहन विभाग ने शहर भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 5 वाहनों को मौके पर ही ज़ब्त कर लिया गया, जबकि बिना ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चला रहे 30 नाबालिग छात्रों को कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) अखिलेश कुमार की अगुवाई में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) और केराली स्कूल समेत शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के बाहर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान कई नाबालिग छात्र दोपहिया वाहनों से स्कूल पहुंचते पाए गए।
अधिकारियों ने मौके पर ही छात्रों और उनके परिजनों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पाठ पढ़ाया और स्पष्ट किया कि कम उम्र में वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी है। इसके अलावा, स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए क्षमता से अधिक बच्चों को ढोने वाले स्कूल वैन चालकों पर भी शिकंजा कसा गया।
प्रशासन ने सख्त लहजे में अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, वरना आगे और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
