गया: बिहार के विश्व प्रसिद्ध गया जी में चल रहे पितृपक्ष मेले के दौरान एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला! शुक्रवार को कई देशों से आए विदेशी श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति के साथ फल्गु नदी के तट पर अपने पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण किया।
25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजन जिले में 25 सितंबर से शुरू हुआ विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि के दौरान लाखों श्रद्धालु फल्गु नदी, ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर और विभिन्न पवित्र पिंड वेदियों पर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं।
सात से अधिक देशों के नागरिक हुए शामिल इस वर्ष पितृपक्ष मेले में फ्रांस, रूस, जर्मनी, इटली, यूक्रेन, घाना और लातविया समेत कई देशों के श्रद्धालु पहुंचे हैं। सभी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पिंडदान की प्रक्रिया पूरी की।
भारतीय परिधान में दिखे श्रद्धालु विदेशी नागरिक पूरी तरह से भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। पारंपरिक भारतीय परिधानों—महिलाओं ने साड़ी और पुरुषों ने धोती-कुर्ता—में सजे श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना की और अपने दिवंगत परिजनों व मित्रों को याद कर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
