लखनऊ में होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों के आरोप पर हत्या का मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

होटल में ठहरी थी महिला, संदिग्ध हालात में हुई मौत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार को न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल में हुई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय समरीन के रूप में हुई है, जो अवनीश जायसवाल उर्फ देव नामक युवक के साथ होटल के एक कमरे में ठहरी हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी युवक सोमवार सुबह ही उसे होटल लेकर आया था। शाम को हुई इस घटना के बाद आरोपी लिफ्ट से नीचे उतरा और मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से फरार हो गया।

होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर होटल के सुरक्षाकर्मी ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के जरिए भी घटनास्थल की जांच की है।

होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी युवक सुलतानपुर जिले का निवासी पाया गया, जिसे मोटरसाइकिल से होटल से बाहर जाते हुए देखा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी यहाँ अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल मरम्मत और स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *