राजधानी रांची के प्रसिद्ध बकरी बाजार मेले में दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेले का मुख्य आकर्षण बना ‘छिपकली स्टाइल झूला’ अचानक तकनीकी खराबी के कारण हवा में एक तरफ झुक गया, जिससे उस पर सवार लोगों की जान हलक में आ गई। घटना के बाद मेले में भारी चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हाइड्रोलिक मशीन में खराबी और दहशत का माहौल प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त झूले पर कई लोग सवार थे, जिसमें एक परिवार भी शामिल था। झूला अचानक झुकने से लोग हवा में ही फंस गए। अपनी जान बचाने की हड़बड़ी में कुछ लोगों ने नीचे छलांग तक लगा दी। इस दौरान भगदड़ और अफरा-तफरी के बीच कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की सूचना है।
क्षमता से अधिक लोड होने का दावा घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। जहां शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी गड़बड़ी माना जा रहा है, वहीं पूजा समिति के आयोजकों का कहना है कि झूले पर क्षमता से अधिक लोग सवार हो गए थे। आयोजकों का दावा है कि मना करने के बावजूद कुछ लोग जबरन झूले पर चढ़ गए, जिससे झूले की हाइड्रोलिक मशीन का एक हिस्सा टूट गया। हालांकि, इस हादसे की असल वजह आधिकारिक जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल इस घटना के बाद एक बार फिर दुर्गा पूजा और मेलों में लगने वाले झूलों की सुरक्षा और फिटनेस जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और आगंतुकों ने प्रशासन से मांग की है कि मेलों में संचालित होने वाले सभी झूलों की नियमित रूप से तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की कड़ी निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
