रांची: वासेपुर के चर्चित निवासी फहीम खान की समयपूर्व रिहाई (Premature Release) से जुड़े मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को इस अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत के पिछले आदेश का अनुपालन करने के लिए दो महीने का और समय मांगा। सरकार की तरफ से अदालत को यह भी बताया गया कि हाईकोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने सरकार को 8 जनवरी 2027 तक की अंतिम मोहलत दे दी है।
निजी रूप से कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि (8 जनवरी) तक अदालत के आदेश का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित प्रतिवादियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाजिर होना पड़ेगा। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता आशुतोष आनंद और अधिवक्ता शाहबाज अख्तर ने अपना पक्ष रखा।
पहले भी लग चुका है जुर्माना
गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले भी राज्य सरकार की ओर से समय की मांग की गई थी, जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अदालत ने सरकार पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। साथ ही, कोर्ट ने यह जुर्माना राशि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) में अनिवार्य रूप से जमा करने का निर्देश दिया था।
