गिरिडीह: गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और भाजपा ने चुनावी तैयारियों व रणनीतियों पर काम शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में गिरिडीह में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी समेत प्रदेश के 32 पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उपचुनाव की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और राज्य सरकार को घेरने के मुद्दों पर मंथन किया गया।
उपचुनाव और बूथ प्रबंधन पर जोर
बैठक का मुख्य फोकस गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों पर रहा। पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, संगठन को और सशक्त करने तथा आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई। साथ ही 26 नवंबर को प्रस्तावित संविधान गौरव दिवस के आयोजनों को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने गिरिडीह में हत्या, लूट और जमीन कब्जे की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है।
चुनाव आयोग से अधिकारियों को हटाने की मांग
अमर बाउरी ने प्रशासनिक अधिकारियों पर निष्पक्षता न बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कई अधिकारी सत्ताधारी दल के प्रभाव में काम कर रहे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा नेताओं पर प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए भाजपा चुनाव आयोग से एसपी, डीसी, सीओ सहित चुनाव से जुड़े अधिकारियों को हटाने की मांग करेगी। पार्टी इस विषय को औपचारिक रूप से चुनाव आयोग के समक्ष रखेगी।
