धनबाद जेल से हजारीबाग शिफ्ट होगा बंटी खान, पत्नी ने जताई एनकाउंटर की आशंका; कोर्ट से की यह मांग

धनबाद: धनबाद मंडल कारा में बंद आरोपी बंटी खान उर्फ जियाउल खान समेत उसके गिरोह से जुड़े 11 बंदियों को राज्य की अन्य जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जेल प्रशासन ने यह फैसला जेल के भीतर गिरोह के बढ़ते प्रभाव और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया है। इसी बीच, स्थानांतरण के दौरान संभावित खतरे और एनकाउंटर की आशंका जताते हुए बंटी खान की पत्नी ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में सुरक्षा की गुहार लगाई है।

हजारीबाग समेत कई जेलों में भेजे जाएंगे बंदी

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बंदियों के स्थानांतरण की पुष्टि करते हुए बताया कि बंटी खान को हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा भेजने का आदेश जारी हुआ है। इसके अलावा गिरोह से जुड़े अन्य बंदियों को बोकारो, गिरिडीह और दुमका सहित अलग-अलग जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि जेल के भीतर गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी बढ़ने से अन्य बंदियों को प्रभावित करने या दबाव बनाने जैसी गतिविधियां हो सकती हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। संबंधित अदालत को भी इस निर्णय की सूचना दे दी गई है।

पत्नी ने अदालत से की विशेष सुरक्षा की मांग

जेल ट्रांसफर की सूचना सामने आने के बाद बंटी खान की पत्नी ने अदालत में आवेदन दाखिल कर आशंका जताई है कि धनबाद से हजारीबाग ले जाने के रास्ते में पुलिस उसके पति का एनकाउंटर कर सकती है। उसने अदालत से अनुरोध किया है कि स्थानांतरण के दौरान बंटी खान को बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाई जाए, पैरों में बेड़ियां लगाई जाएं और पूरी प्रक्रिया को सीसीटीवी निगरानी में संपन्न कराया जाए, ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

जेल प्रशासन की इस प्रशासनिक कार्रवाई और पत्नी के आवेदन के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजरें अदालत के रुख और स्थानांतरण के दौरान की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *