मिथिलाक्षर जागरूकता अभियान के तहत विलुप्तप्राय मिथिला की पौराणिक लिपि को संजोने का प्रयास

मिथिलाक्षर जागरूकता अभियान के तहत विलुप्तप्राय मिथिला की पौराणिक लिपि को संजोने का प्रयास

रांची में मिथिला की विलुप्तप्राय पौराणिक लिपि को संरक्षित और पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से चल रहे मिथिलाक्षर जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान से जुड़े लोग राजधानी के हरमू स्थित विद्यापति दलान में एकत्र हुए। इसी अवसर पर मैथिली भाषा के राष्ट्रीय दैनिक मैथिल पुनर्जागरण प्रकाश के प्रकाशन की पांचवीं वर्षगांठ का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और महाकवि विद्यापति के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवती वंदना ‘जय-जय भैरवि असुर भयाउनी’ से हुई।

इस कार्यक्रम में पटना, दरभंगा, मधुबनी, नासिक सहित विभिन्न स्थानों से आए अभियानियों, मैथिल पुनर्जागरण प्रकाश फोरम के पदाधिकारियों, रांची में रह रहे अभियानियों और झारखंड मैथिली मंच के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे से परिचय किया। उद्घाटन सत्र में नासिक से आए फोरम, मैथिल पुनर्जागरण प्रकाश समाचार पत्र और मिथिलाक्षर साक्षरता अभियान के संस्थापक पंडित अजय नाथ झा शास्त्री ने अपने संबोधन में अभियान की शुरुआत से लेकर त्रैमासिक पत्रिका और दैनिक अखबार के प्रकाशन तक की संघर्षपूर्ण यात्रा को विस्तार से साझा किया।

उन्होंने फोरम की स्थापना, उसके 13 प्रकल्पों तथा मिथिला, मैथिली भाषा और मिथिलाक्षर के उत्थान के लिए संचालित जागरूकता, शिक्षण-प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही मैथिली भाषा से जुड़े सभी लोगों से मैथिली के इस एकमात्र सक्रिय दैनिक अखबार मैथिल पुनर्जागरण प्रकाश के संचालन में सहयोग देने की अपील की।

मैथिली पत्र-पत्रिकाओं की चुनौतियों पर मंथन

कार्यक्रम के दौरान मैथिली पत्र-पत्रिकाओं के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर भी खुलकर चर्चा हुई। समारोह के मुख्य अतिथि एवं पूर्व पार्षद अरुण कुमार झा ने चार वर्षों से निरंतर प्रकाशित हो रहे मैथिली दैनिक के लिए अखबार और फोरम से जुड़े सभी लोगों की सराहना की। वहीं राजकुमार मिश्रा ने मैथिली दैनिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। झारखंड मैथिली मंच के महासचिव जयंत झा ने नियमित प्रकाशन में आने वाली आर्थिक कठिनाइयों की ओर ध्यान दिलाते हुए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

समारोह में मैथिल पुनर्जागरण प्रकाश फोरम और अखबार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। मैथिल पुनर्जागरण प्रकाश के मैथिली समाचार बुलेटिन में समाचार वाचन करने वाले सुमित सौरभ को सर्वश्रेष्ठ समाचार एंकर का सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा कृष्णकांत झा, कुमार प्रमोद चंद्र, दीपक आनंद मलिक, वीणा झा, पूनम मिश्रा, अशोक लाल, डॉ. विनय कर्ण सहित अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रेमनाथ झा, सुकुमार झा, शशि भूषण कंठ, सतीश कुमार मिश्रा, ब्रजकुमार झा, समीर कुमार मिश्रा, कल्पना कुमारी कर्ण, बैद्यनाथ झा, संतोष कुमार मिश्रा, प्रेमचंद झा, नरेश झा समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे। समारोह का संचालन समीर कुमार मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वीणा झा ने किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *