पलामू में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एनएच-39 पर गाड़िगांव के बढ़का बिटा टोला के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

हादसा इतना भीषण था कि कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए तत्परता दिखाई और दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में दोनों युवकों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

कार मालिक की हुई पहचान

पुलिस को घटनास्थल पर मिले दस्तावेजों के आधार पर कार मालिक की पहचान जोगेंद्र के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर का निवासी बताया जा रहा है।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *