झारखंड के धनबाद से सोमवार सुबह बड़ी खबर सामने आई, जहां पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना भागाबांध ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह बस्ती के पास हुई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ सदस्य इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर धनबाद पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान गिरोह के हैंडलर कुबेर समेत दो अपराधियों को गोली लग गई, जबकि एक अन्य अपराधी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार मौके पर पहुंच गए और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और अन्य अपराधियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
