रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। बुधवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचा और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की।
छात्रों को अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए बाबूलाल मरांडी ने उनकी मांगों को पूरी तरह जायज ठहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर विधानसभा तक छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
राज्य सरकार और भर्ती प्रक्रिया पर जोरदार हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “झारखंड में यह महज पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि यह खुलेआम नौकरी बेचने का खेल चल रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि जो अभ्यर्थी पैसे देकर पदों पर चयनित होंगे, वे भविष्य में प्रशासनिक व्यवस्था में केवल ‘भ्रष्टाचार का रायता’ ही फैलाएंगे।
