पटना में सीएम सम्राट चौधरी से मिले चिराग पासवान: हाजीपुर में निफ्टेम के लिए जमीन देने पर जताया आभार, फूड प्रोसेसिंग और शिक्षक बहाली पर हुई चर्चा

पटना: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार (23 मई) को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में बिहार सरकार की ओर से निफ्टेम (NIFTEM) के लिए 100 एकड़ भूमि हस्तांतरित किए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास और रोजगार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बिहार में फूड प्रोसेसिंग और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर

मुलाकात के दौरान बिहार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग (Food Processing Industry) के क्षेत्र को सशक्त बनाने और नए उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर गंभीर मंथन हुआ। चिराग पासवान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच राज्य में निवेश के लिए एक बेहतर और सुरक्षित माहौल तैयार करने पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि बिहार में निवेश करने की इच्छुक विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को सुरक्षा और अनुकूल वातावरण का भरोसा दिलाना बेहद जरूरी है, ताकि राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।

1 लाख शिक्षकों की बहाली के फैसले का किया स्वागत

इसके अतिरिक्त, चिराग पासवान ने बिहार सरकार द्वारा राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आगामी 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने के फैसले का स्वागत किया। साथ ही, हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली के निर्णय के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

चिराग पासवान ने बताया कि शिक्षकों की भर्ती को लेकर हाल के दिनों में अभ्यर्थियों के बीच जो चिंताएं और आक्रोश देखने को मिला था, उस विषय पर उन्होंने पूर्व में भी मुख्यमंत्री से बात की थी। सरकार द्वारा इस दिशा में लिए गए सकारात्मक और महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से धन्यवाद दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *