रांची: युवती से छेड़खानी के आरोप में सेना का जवान गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक युवती के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी करने के आरोप में भारतीय सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

करम टोली की युवती ने दर्ज कराई थी शिकायत

मिली जानकारी के अनुसार, रांची के करम टोली की रहने वाली एक युवती ने आरोपी के खिलाफ लालपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसके साथ सरेराह अश्लील हरकतें और छेड़खानी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

पुलिस ने घटना की पुष्टि के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही थी। सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले (तेलंगा थाना क्षेत्र) का रहने वाला है।

आर्मी कमांडिंग ऑफिसर को दी गई सूचना

आरोपी विनय वर्तमान में रांची के नामकुम स्थित यूनिट-1 बटालियन राजपुताना राइफल्स में जवान के पद पर तैनात है। सेना का जवान होने के कारण लालपुर थाना पुलिस ने इस पूरी घटना और गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी नामकुम के कमांडिंग ऑफिसर (CO) को लिखित रूप में दे दी है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी जवान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *