देवघर: झारखंड के देवघर जिले स्थित जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट-दुधिमार मार्ग पर खुद को जीएसटी (GST) अधिकारी बताकर 40.50 लाख रुपये की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। देवघर पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह के पांच अपराधियों को पड़ोसी राज्य बिहार के जमुई और बांका जिलों से गिरफ्तार कर लिया है।
नकली चेकिंग का झांसा देकर बनाई बंधक, फिर उड़ाई रकम घटना बीते 8 अगस्त की है, जब पीड़ित विक्रम चौधरी अपने कर्मचारी के साथ बाइक से जा रहे थे। रास्ते में स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उनका पीछा कर उन्हें रुकवाया और खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर जांच के नाम पर दोनों को बंधक बना लिया। इसके बाद शातिर अपराधी 40.50 लाख रुपये से भरा बैग, लैपटॉप और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
विशेष टीम की छापेमारी, स्कॉर्पियो और पुलिस बोर्ड बरामद मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर छापेमारी कर पांच आरोपियों—कुमोद पोद्दार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और विनोद प्रसाद यादव को दबोच लिया। पुलिस ने अपराधियों के पास से 4.30 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, क्षतिग्रस्त लैपटॉप, मोबाइल, पुलिस बोर्ड और पुलिसिया डंडे बरामद किए हैं। आरोपी के मोबाइल से वारदात के रूट का डिजिटल नक्शा भी मिला है।
