राजधानी रांची में जारी रिमझिम बारिश के बीच शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित डिबडीह ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। गनीमत यह रही कि कार सवार दोनों युवक इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
डिवाइडर और खंभे से टकराकर पलटी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण ओवरब्रिज की सड़क पर काफी फिसलन थी और कार की रफ्तार तेज थी। जैसे ही गाड़ी डिबडीह पुल पर पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया। कार सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ते हुए स्ट्रीट लाइट के पोल से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूट गया और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राहगीरों ने तुरंत बचाई जान, यातायात रहा बाधित
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए आवाजाही ठप हो गई और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही डोरंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को पुनः सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
