हजारीबाग: मिशन अस्पताल के पास भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, 6 से अधिक घायल

हजारीबाग: शहर के मिशन अस्पताल के पास रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। लोगों को रौंदने के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के पोल और एक चापाकल से जा टकराई। इस हादसे में आधा दर्जन (6) से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, अस्पताल में भर्ती

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक सहित सभी घायल व्यक्तियों को तुरंत मलबे से निकाला और इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है। कार चालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी, नशे में होने की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कार चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था, हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *