जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित गोलमुरी थाना क्षेत्र से बैंक डकैती की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने ‘केनरा बैंक’ की शाखा में दिनदहाड़े धावा बोलकर 42 लाख रुपये से अधिक नकद और भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूट लिए।
सफाई के समय रेनकोट पहनकर घुसे अपराधी जानकारी के अनुसार, घटना सुबह के वक्त हुई जब बैंक खुला ही था और अंदर सफाई का काम चल रहा था। बारिश का फायदा उठाते हुए करीब 5 से 6 की संख्या में अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। अंदर घुसते ही अपराधियों ने असलहे लहराते हुए बैंककर्मियों को बंधक बना लिया।
गार्ड को बंदूक की बट से मारकर किया घायल बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने जब अपराधियों को रोकने और विरोध करने की कोशिश की, तो बेखौफ बदमाशों ने बंदूक की बट से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। गार्ड को असहाय करने के बाद अपराधी सीधे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में दाखिल हुए।
गन प्वाइंट पर खुलवाया चेस्ट और लॉकर अपराधियों ने बैंक मैनेजर को गन प्वाइंट पर लिया और जोर-जबरदस्ती कर तिजोरी (चेस्ट) खुलवाई। बदमाशों ने चेस्ट में रखे 42 लाख रुपये से ज्यादा कैश और लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण अपने कब्जे में कर लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शहरभर में नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान चला रही है।
