जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां, एक मैगजीन, मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो बालिग हैं, जबकि एक नाबालिग है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग में छापेमारी की और तीनों को दबोच लिया।
कपाली के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान मो. अयान और सादिक आलम के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है। तीनों आरोपी कपाली थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी सादिक आलम ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार 97 हजार रुपये में खरीदे थे।
सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले के मुख्य हथियार सप्लायर की तलाश कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसके जरिए आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इन हथियारों का इस्तेमाल किस वारदात को अंजाम देने के लिए करने वाले थे। मामले की आगे की छानबीन जारी है।
