जमशेदपुर: शहर के जमशेदपुर थाना क्षेत्र स्थित आदर्श आरक्षी मिडिल स्कूल के समीप शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार ऑटो अचानक बेकाबू होकर सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में सवार दो स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि ऑटो चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।
चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना के वक्त ऑटो में कई बच्चे सवार थे। ऑटो के अचानक पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और बच्चों की चीख-पुकार मच गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल दोनों बच्चों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन और नशेड़ी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
