जामताड़ा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: 3 और साइबर ठग गिरफ्तार, साल 2026 में अब तक 60 अपराधियों को भेजा जेल

जामताड़ा: साइबर अपराध के गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने ठगों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत कार्रवाई करते हुए जामताड़ा पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह छापेमारी नारायणपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणीडीह गांव में की गई।

जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश मंडल, अजय मंडल और हीरालाल मंडल के रूप में हुई है। ये अपराधी मासूम लोगों को एलपीजी का नया गैस कनेक्शन दिलाने का झांसा देते थे और ‘एपिक फाइल’ (APK File) भेजकर उनके बैंक खातों में सेंधमारी करते थे।

अपराधिक इतिहास और पुलिस की उपलब्धि: पकड़े गए आरोपियों में अजय मंडल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है; वह पहले भी साइबर ठगी के मामले में डेढ़ साल तक देवघर जेल की सजा काट चुका है। एसपी ने आंकड़ों के हवाले से बताया कि साल 2026 में जामताड़ा पुलिस अब तक कुल 60 साइबर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

पुलिस की इस निरंतर कार्रवाई से जिले में साइबर अपराध के ग्राफ में गिरावट दर्ज की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले की छवि को सुधारा जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *