रांची: झारखंड में रबी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की अनिश्चितताओं से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ‘बिरसा-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ (B-PMFBY) के तहत रबी 2026-27 के लिए फसल बीमा की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो गई है। राज्य के किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए 31 दिसंबर तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इस संबंध में सहकारिता समितियों के निबंधक शशि रंजन ने सभी जिला सहकारिता अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इस रबी सीजन (2026-27) के लिए राज्य सरकार ने मुख्य रूप से चार फसलों—गेहूं, चना, राई-सरसों और आलू को बीमा योजना के तहत अधिसूचित किया है।
गैर-ऋणी किसानों को जोड़ने पर विशेष ज़ोर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और किसानों के पंजीकरण में सहायता के लिए लैम्प्स-पैक्स, बैंक शाखाओं, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और बीज-उर्वरक विक्रेताओं का सहयोग लिया जा रहा है। प्रशासन का विशेष ध्यान गैर-ऋणी (Non-Loanee) किसानों को इस योजना से जोड़कर उन्हें वित्तीय सुरक्षा का लाभ पहुँचाने पर है।
