बिहार के नवादा जिले में दीपावली के दिन अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए मिठाई कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना नेमदारगंज इलाके की है। घायल कारोबारी की पहचान उत्तम कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें गर्दन में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है, जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खेत की ओर गए थे कारोबारी: मिली जानकारी के अनुसार, मिठाई कारोबारी उत्तम कुमार शौच के लिए खेत की ओर गए थे, तभी वहाँ घात लगाए बैठे एक युवक ने उन पर गोली चला दी। फायरिंग की आवाज़ सुनकर पहुँचे स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया।
वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस जांच में जुटी: फिलहाल गोली मारने के पीछे की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई अन्य विवाद है। घायल कारोबारी की ओर से फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और कारोबारियों में दहशत व रोष का माहौल है।
