रांची: झारखंड में मोटे अनाजों (श्री अन्न) को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने घोषणा की है कि जल्द ही रांची, जमशेदपुर और देवघर में अत्याधुनिक ‘मिलेट कैफे’ खोले जाएंगे।
बुधवार को नेपाल हाउस स्थित सचिवालय में कृषि विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये मिलेट कैफे न केवल किसानों के उत्पादों को नया बाजार देंगे, बल्कि आम लोगों को भी पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक खानपान से जोड़ने में मददगार साबित होंगे।
65% से अधिक क्षेत्र में मक्का की बुआई पूरी बैठक के दौरान राज्य में खरीफ फसलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बताया कि इस वर्ष मक्का की खेती को लेकर किसानों में खासा उत्साह है। अब तक निर्धारित लक्ष्य के 65 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में बुआई पूरी हो चुकी है। जिन जिलों में मक्का बीजों की अधिक मांग है, वहां तुरंत अतिरिक्त आवंटन भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी किसान बीज की कमी से न जूझे।
22 हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण मिलेट मिशन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 22,729 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। मंत्री ने इस अभियान को और व्यापक रूप देने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा सकें।
पंचायत स्तर पर लगेंगे मिट्टी जांच शिविर किसानों की सुविधा और बेहतर पैदावार के लिए कृषि मंत्री ने हर पंचायत स्तर पर ‘मिट्टी जांच शिविर’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को केवल दफ्तरों में न बैठकर नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा करने और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने को कहा, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ सही समय पर मिल सके।
