रांची में अतिक्रमण पर चला नगर निगम का चाबूक, सड़कों से कब्जा साफ; नियम तोड़ने वाले 12 भवनों को नोटिस

रांची: राजधानी को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने गुरुवार को एक बड़ा विशेष अभियान चलाया। निगम की टीम ने शहर के प्रमुख इलाकों में सड़कों और फुटपाथों पर जमा अवैध कब्जों को हटाया। इसके साथ ही, निर्माण और इस्तेमाल में नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 बड़े भवनों के मालिकों को नोटिस जारी कर सीलिंग की चेतावनी दी है।

प्रमुख इलाकों से ठेले और दुकानें जब्त

निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) और अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक जोरदार अभियान चलाया।

  • कचहरी से न्यू मार्केट: सड़क किनारे लगाए गए 4 ठेले, टेबल-बेंच जब्त किए गए और 2 अस्थायी दुकानों को हटाया गया।
  • फिरायालाल क्षेत्र: फुटपाथ को पूरी तरह से खाली कराते हुए 4 ठेले जब्त किए गए और कई ठेला-खोमचा वालों को हटाया गया।

बिना नक्शे और व्यावसायिक उपयोग पर 12 भवनों को नोटिस

इतना ही नहीं, नगर निगम और नगर निवेशक शाखा की संयुक्त टीम ने अरगोड़ा बायपास रोड पर 12 भवनों में गंभीर गड़बड़ियां पाईं। जांच में सामने आया कि कई भवन बिना स्वीकृत नक्शे के बनाए गए थे, कुछ आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग हो रहा था, जबकि कई जगह सेटबैक एरिया और गिफ्ट डीड की जमीन पर कब्जा किया गया था।

नहीं सुधरे तो होगी सीलिंग की कार्रवाई

नगर निगम ने सभी 12 भवन स्वामियों को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी कर निश्चित समय सीमा के भीतर जवाब और सुधार करने का निर्देश दिया है। निगम ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि तय सीमा में नियमों का पालन नहीं किया गया, तो झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 और झारखंड भवन उपविधि-2016 के तहत भवनों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *